More

    *कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक*

    *कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक*

    *सीएम हेल्पलाइन, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा की हुई समीक्षा*

    *जनसमस्याओं के संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने दिए निर्देश*

     मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे और प्रत्येक विभाग जवाबदेही के साथ कार्य करें। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि गांव-गरीब और आमजन अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आवेदन करते हैं, इसलिए प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, प्राथमिकता और सकारात्मक दृष्टिकोण से निराकरण किया जाए। उन्होंने शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर समाधान की प्रतिपुष्टि लेने के भी निर्देश दिए।

    कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त निराकरण शिकायतों के निराकरण में धीमी प्रगति पाए जाने पर कार्यपालन अभियंता, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मुंगेली को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में कानून एवं व्यवस्था से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने अतिक्रमण संबंधी मामलों में पूर्व सूचना देकर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय अपनाने, पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित फील्ड विजिट करने तथा रोड सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता के प्रति लगातार जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया गया।

    कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनअपेक्षाओं के अनुरूप त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पंचायतों एवं नगरीय निकायों में नालियों की सफाई, जलभराव रोकने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत मुंगेली के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल राम रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

    Trending News

    Technology