*आजादी के दशकों बाद भी विकास से वंचित ग्राम पंचायत सिघनपुरी, मूलभूत सुविधाओं के अभाव और अवैध कब्जों से ग्रामीण परेशान*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली :-जिले की ग्राम पंचायत सिघनपुरी आजादी के दशकों बाद भी विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह नहीं जुड़ सकी है। क्षेत्र की पुरानी ग्राम पंचायत होने के बावजूद आज तक यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खेल मैदान ,गौठान ,सेवा सहकारी समिति सोसाइटी और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी दूसरे गांव या शहर जाना पड़ता है, जबकि युवाओं के लिए खेल मैदान का अभाव बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सिघनपुरी के नाम से संचालित सेवा सहकारी समिति का संचालन दूसरे गांव से किया जा रहा है, जिससे किसानों को खाद, बीज और अन्य कृषि कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।
इसके अलावा पंचायत की निस्तारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायत भी लगातार सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण होने से गांव के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पिछड़ा वर्ग मंडल गोड़ खाम्ही के मंत्री टेकराम साहू ने कहा कि ग्राम पंचायत सिघनपुरी लंबे समय से विकास की उपेक्षा का शिकार है। उन्होंने मांग की कि गांव में शीघ्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खेल मैदान और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, सेवा सहकारी समिति का संचालन सिघनपुरी से ही किया जाए तथा निस्तारी भूमि से अवैध कब्जे हटाकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गांव की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की है।
