More

    *“समस्या तुंहर, समाधान हमर”: अब एक कॉल पर मिलेगा समस्याओं का समाधान*

    *“समस्या तुंहर, समाधान हमर”: अब एक कॉल पर मिलेगा समस्याओं का समाधान*

    *मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सेवा शुरू, शिकायतों का होगा त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण*

     मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली, // मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण के लिए “समस्या तुंहर, समाधान हमर” थीम पर सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली सेवा प्रारंभ की गई है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से जिले के नागरिक अब केवल एक फोन कॉल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और उसकी निरंतर मॉनिटरिंग भी कर पाएंगे। नागरिक राज्य के भीतर 1076 नंबर तथा राज्य के बाहर से 1800-233-3300 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा शिकायतें वेब पोर्टल, मोबाइल एप, व्हाट्सएप एवं भौतिक पत्र के माध्यम से भी दर्ज की जा सकेंगी। कॉल सेंटर में 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन कर्मचारी कार्यरत रहेंगे। शिकायत दर्ज कराने के लिए शिकायतकर्ता को अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराना अनिवार्य होगा।

    *शिकायत दर्ज होते ही मिलेगा टोकन नंबर*

    नई शिकायत प्रबंधन प्रणाली के तहत प्रत्येक शिकायत को एक विशेष टोकन नंबर दिया जाएगा, जिससे शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति हर स्तर पर ट्रैक कर सकेंगे। शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाएगा। शासन स्तर पर अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, जिससे जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

    *इन मामलों में शिकायत स्वीकार नहीं होगी*

    मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण किया जाएगा। सूचना का अधिकार से संबंधित प्रकरण, न्यायालय में विचाराधीन मामले, मांग संबंधी आवेदन, विभागीय स्थापना संबंधी प्रकरण तथा केंद्र सरकार से जुड़े मामलों में शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी।

    Trending News

    Technology