*राजस्थान से मध्यप्रदेश लाई जा रही स्मैक की खेप पर गुना पुलिस का बड़ा प्रहार*
*मृगवास थाना पुलिस की सुनियोजित घेराबंदी से अंतर्राज्यीय तस्करी का प्रयास विफल, दो तस्कर गिरफ्तार*
*100.59 ग्राम स्मैक एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 11 लाख रुपये का मशरूका जप्त*

गुना पुलिस:- द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं इन गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं पर सतत निगरानी रखते हुए निरंतर सख्त एवं प्रभावी अभियान संचालित किया जा रहा है । इसी क्रम में मृगवास थाना पुलिस द्वारा राजस्थान से मध्यप्रदेश में बड़ी खेप में स्मैक तस्करी के विरूद्ध सतर्कता एवं सुनियोजित कार्यवाही करते हुए अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त नशे के दो सौदागर गिरफ्तार कर भारी मात्रा में स्मैक बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की गई है ।
उल्लेखनीय है कि गत दिनांक 30 मई 2026 को मृगवास थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो संदिग्ध व्यक्ति हीरो होंडा स्पलेण्डर प्लस मोटर साइकिल क्रमांक RJ20 SM 3904 से राजस्थान के घाटाखेड़ी–टूटी बड़ली क्षेत्र से बांकखेड़ा जंगल मार्ग होते हुए कुंभराज की ओर अवैध मादक पदार्थ स्मैक लेकर आने वाले हैं । थाना क्षेत्र से स्मैक तस्करी की सूचना को गंभीरता से लेते हुए मृगवास थाना पुलिस ने रणनीति तैयार की गई और तत्काल तस्करों की धरपकड़ हेतु मृगवास थाना क्षेत्र की सानई चौकी से पुलिस की एक टीम रवाना हुई । पुलिस टीम बिना कोई समय गवांए तुरंत बांकखेड़ा जंगल के कच्चे मार्ग पर पहुंची और सुनियोजित तरीके से घेराबंदी कर संदिग्धों के आने का इंतजार किया । कुछ ही समय बाद राजस्थान तरफ से मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिया अनुसार एक काले-ग्रे रंग की हीरो होंडा स्पलेण्डर प्लस मोटरसाइकिल पर दोंनो संदिग्ध आते दिखाई दिए । जो पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास करने लगे, किंतु सतर्क पुलिस बल ने तत्काल घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया । पूछताछ में उनके द्वारा अपने नाम मुनेश पुत्र शंकरलाल लोधा उम्र 31 वर्ष एवं रामप्रसाद पुत्र ग्यारसीराम लोधा उम्र 40 वर्ष निवासीगण ग्राम घाटाखेड़ी थाना पाली जिला बारां (राजस्थान) के बताये गये ।
मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा दोनों संदेहियों की विधिवत तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 100.59 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई । आरोपियों के कब्जे से बरामद स्मैक अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल कीमत लगभग 1 लाख रुपये सहित कुल तकरीबन 11 लाख रूपये का मशरूका विधिवत जप्त किया जाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके विरुद्ध मृगवास थाने में अप.क्र. 58/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई । आरोपियों के स्मैक तस्करी से जुड़े अन्य स्त्रोतों एवं संभावित नेटवर्क के संबंध में भी पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है ।
गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा । समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध कठोर और सतत कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।
