सीआईए रतिया की कार्रवाई: डोडा चूरा पोस्त तस्करी मामले में तीन आरोपी काबू
– मुख्य आरोपी के पुलिस रिमांड के दौरान मिली जानकारी के आधार पर दो अन्य आरोपी राजस्थान से काबू

रतिया, 31 मई। सीआईए रतिया पुलिस ने डोडा चूरा पोस्त तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को काबू किया है। काबू किए गए आरोपियों की पहचान बठिंडा के अर्जुन नगर गली नंबर 1/3 निवासी संदीप कुमार उर्फ सिप्पी पुत्र श्रीराम, उदयपुर के किरखेड़ा निवासी भेरूलाल पुत्र उदयलाल किर तथा चित्तौड़गढ़ के समेलिया निवासी रामेश्वर लाल मेघवाल पुत्र कालू जी मेघवाल के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि 26 मई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रतिया-ब्रह्मणवाला रोड स्थित रोजावाली बस अड्डे के पास कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार उर्फ सिप्पी और उसके साथी विनय कुमार को काबू किया था। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 52 किलो 320 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ था।
इस संबंध में थाना सदर रतिया में अभियोग संख्या 125 दिनांक 26.05.2026 के तहत धारा 15-सी/61/85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान आरोपी संदीप कुमार उर्फ सिप्पी को छह दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर भेरूलाल और रामेश्वर लाल मेघवाल को भी काबू कर लिया।
उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
