More

    *ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रति ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक*

    *ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रति ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक*

     

    *प्रशिक्षण, रैली, नुक्कड़ नाटक और घर-घर संपर्क से चल रहा व्यापक जनजागरण अभियान*

     मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली// स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता के लिए जिले में व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत ग्रामीण जनप्रतिनिधियों, आमजन तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़े कैडरों को नियमों की जानकारी देकर उन्हें स्वच्छता दूत के रूप में तैयार किया जा रहा है।

    कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में जिले के सभी जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के विभिन्न कैडरों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। प्रशिक्षित कैडर गांवों में दीवार लेखन, नारा लेखन, रैली, स्वयं सहायता समूहों की बैठकों एवं अन्य जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।

    अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को नियमों के पालन और उसके महत्व की जानकारी देने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही जिले की लक्षित 25 प्रतिशत ग्राम पंचायतों में वार्ड बैठकों, सामूहिक स्वच्छता अभियान तथा घर-घर कचरा संग्रहण गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।

    सुशासन तिहार के दौरान भी नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी दी जा रही है। इन प्रस्तुतियों के जरिए स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।

    इसके अलावा ग्राम पंचायतों में नियमित भ्रमण कर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ग्रामीणों को चार प्रकार के ठोस कचरे का पृथक-पृथक संग्रहण एवं प्रबंधन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि गांवों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण हो सके। ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करते हुए कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने तथा स्वच्छ एवं सुंदर गांव के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने समझाइश दी जा रही है।

    Trending News

    Technology