More

    *सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्वक करें निराकरण: कलेक्टर*

    *सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्वक करें निराकरण: कलेक्टर*

    *खाद-बीज वितरण में पारदर्शिता, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और स्वच्छता प्रबंधन पर दिए सख्त निर्देश*

    तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली,// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभागीय अधिकारी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता देकर निराकरण करें।
    बैठक में कलेक्टर ने खरीफ सीजन को देखते हुए खाद एवं बीज की उपलब्धता, भंडारण तथा वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से लक्ष्य के अनुरूप उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली और निर्देश दिए कि किसानों को खाद-बीज का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
    *ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए करें जागरूक* – कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) रूल्स 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्रों, गांवों, नगरीय निकायों में जनजागरूकता हेतु अभियान चलाने के साथ ही मैदानी अमले को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए जनजागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। कचरे के पृथक्करण के लिए शासन के निर्देशानुसार अलग-अलग डिब्बों का उपयोग सुनिश्चित करने तथा सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए।
    *शासकीय व्यय में मितव्ययिता की दिशा में करें कार्य* – वित्तीय संसाधनों के वित्तीय प्रबंधन और सार्वजनिक व्यय में अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने वाहनों के उपयोग एवं ईंधन में मितव्ययिता, वर्चुअली बैठक एवं आनलाइन समीक्षा को प्रोत्साहन, कार्यालय में ऊर्जा की बचत, ई-आफिस व डिजीटल कार्यप्रणाली अपनाने पर विशेष जोर दिया।
    *स्कूलों के पास सिगरेट एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर करें कार्रवाई* – कलेक्टर ने स्कूल खुलने से पूर्व कोटपा एक्ट के पालन को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूलों के 500 मीटर दायरे के बाहर धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर दुकानों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके।
    *सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को समय में मिले लाभ* – बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को जीपीएफ, पेंशन, अनुकम्पा नियुक्ति सहित अन्य लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को समयबद्ध लाभ मिलना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
    कलेक्टर श्री कुमार ने बैठक में सेवा सेतु केंद्रों की भी समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 54 सेवा सेतु केंद्र संचालित किए जाएंगे, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जिले में सीएम हेल्पलाइन सुविधा प्रारंभ की तैयारी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

     

    Trending News

    Technology