
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली— जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में डॉ. हर्षा राय द्वारा किशोरियों एवं युवतियों को सर्वाइकल कैंसर, उसके लक्षण, बचाव एवं एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान वैक्सीनेशन को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों एवं मिथकों को भी दूर किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवतियों के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे। डॉ. हर्षा राय ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सुरक्षित एवं प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में लोग टीकाकरण को लेकर भ्रमित हो जाते हैं, इसलिए सही जानकारी का प्रसार बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों ने भी वैक्सीनेशन से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सरल एवं स्पष्ट तरीके से समाधान किया गया। स्वास्थ्य अमले ने बताया कि टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार की शंका होने पर लोग सीधे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि यूपीएचसी (UPHC) में एचपीवी वैक्सीनेशन की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक किशोरियां एवं अभिभावक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर टीका लगवा सकते हैं। साथ ही वैक्सीनेशन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी एवं परामर्श भी प्राप्त कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।
