*कड़ी सुरक्षा के बीच 12वीं हिंदी विषय के प्रश्नपत्र थाना में जमा कराने हेतु रवाना*
*10 अप्रैल को पुनः परीक्षा, गोपनीयता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने प्रशासन सतर्क*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// जिले में कक्षा 12वीं हिंदी विषय की पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और गोपनीयता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। इसी क्रम में हिंदी विषय के प्रश्नपत्रों को थाना में सुरक्षित जमा कराने हेतु विधिवत रवाना किया गया।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, गोपनीयता और समयबद्ध वितरण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। प्रश्नपत्रों को सीलबंद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संबंधित थाना में जमा कराने के लिए अधिकृत अधिकारियों की उपस्थिति में रवाना किया गया।
डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी श्री मायानंद चंद्रा ने बताया कि हिंदी विषय की पुनः परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को जिले के 66 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, सतत निगरानी तथा गोपनीय प्रक्रिया का कड़ाई से पालन किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.पी. डाहिरे ने बताया कि परीक्षार्थियों के रोल नंबर एवं परीक्षा केंद्र यथावत रहेंगे तथा सभी छात्र-छात्राएं पूर्व निर्धारित केंद्रों पर ही परीक्षा देंगे। प्रशासन की इस त्वरित और सतर्क कार्यवाही से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में परीक्षा प्रक्रिया के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
