*तोखन साहू, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री, ने बिजनी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए आगामी चुनाव को असम के भविष्य से जुड़ा निर्णायक अवसर बताया*

असम :-बैठक में उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सरकार बनाने का नहीं, बल्कि विकास, विश्वास और सुशासन को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए जन-जन तक पहुंचना ही विजय का मूल मंत्र है।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने गरीब कल्याण, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और पारदर्शी शासन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया है।
उन्होंने हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम सरकार के कार्यों की भी प्रशंसा की और कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की मजबूती, आधारभूत ढांचे का तीव्र विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से एक सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
बैठक में बिजनी विधानसभा से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी अरूप कुमार डे के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी इस बार प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।
अपने संबोधन में तोखन साहू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं और संगठन को और अधिक सशक्त बनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि असम में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाकर विकास की गति को और तेज करेगी।
