More

    *कलेक्टर पहुंचे ग्राम सेमरसल, जल जीवन मिशन के कार्य का किया निरीक्षण*

    तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली // जल जीवन मिशन के कार्य का निरीक्षण करने कलेक्टर श्री राहुल देव आज लोरमी विकासखण्ड के ग्राम सेमरसल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां कमलेश कुमार पटेल के घर के सामने लगे टेपनल से पानी पीकर जल की गुणवत्ता परखी। उन्होंने ग्राम में जल जीवन मिशन के कार्य की प्रगति, हितग्राही की संख्या और पानी टंकी की क्षमता की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्राम में शेष बचे नल कनेक्शन के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित ठेकेदार को पाईप कनेक्शन के दौरान खोदे गए सड़क का शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए।


    कलेक्टर ने ग्रामीणों से नल कनेक्शन से पेयजल उपलब्धता की भी जानकारी ली। जिस पर वहां उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि टेपनल से पानी धीमी गति से आ रहा है। इस पर कलेक्टर ने अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। उन्होेंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से है। इस योजना के तहत प्रत्येक घर नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। घरेलू नल कनेक्शन’ के माध्यम से प्रत्येक ग्रामीण परिवार को प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 55 लीटर पानी की आपूर्ति करना है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी ने बताया कि पूरे गांव में 328 घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराना है, जिसमें से 310 का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, लोरमी एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

     

     

     

     

     

    Trending News

    Technology