*35 वर्षों की निष्कलंक सेवा के बाद प्रशासनिक अधिकारी जे.एल. देवांगन सेवानिवृत्त, विदाई समारोह में उमड़ा सम्मान और स्नेह*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली-— छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (विद्युत विभाग) में प्रशासनिक अधिकारी के रूप में अपनी 35 वर्षों की उल्लेखनीय, निष्पक्ष और समर्पित सेवाएं देने के बाद जे.एल. देवांगन के 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने पर उनके इष्टमित्रों, सहकर्मियों एवं देवांगन समाज के लोगों द्वारा एक निजी होटल में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने देवांगन के उत्कृष्ट कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, समाज के वरिष्ठजन, शुभचिंतक एवं मित्रगण उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर जे.एल. देवांगन का सम्मान किया तथा उनके साथ बिताए गए वर्षों की मधुर स्मृतियों को साझा किया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावुकता से भरा रहा।
अपने सेवा जीवन की शुरुआत करते हुए जे.एल. देवांगन ने 18 जून सन 1991 को मुंगेली विद्युत मंडल में लिपिक के पद पर कार्यभार ग्रहण किया था। अपनी मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उन्होंने विभाग में लगातार उत्कृष्ट सेवाएं दीं। इसके बाद 17 जुलाई 2010 को उन्हें प्रथम पदोन्नति प्राप्त हुई। आगे चलकर 31 मई 2021 को उन्हें लेखपाल के पद पर पदोन्नत किया गया, जहां उन्होंने कनिष्ठ यांत्रिक (ग्रामीण), मुंगेली कार्यालय में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
इसके पश्चात 24 जून 2026 को उन्हें द्वितीय पदोन्नति देकर प्रशासनिक अधिकारी के पद पर संभागीय कार्यालय में पदस्थ किया गया। अपने संपूर्ण सेवा काल में उन्होंने विभागीय कार्यों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपादित किया। उनके 35 वर्षों के कार्यकाल में किसी भी प्रकार का विवाद या शिकायत सामने नहीं आई, जो उनकी कार्यशैली और व्यक्तित्व का परिचायक है।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जे.एल. देवांगन ने अपने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया। उन्होंने हमेशा विभागीय हितों को सर्वोपरि रखा और सहकर्मियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखा। उनके कार्य करने की शैली आने वाली पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी।
देवांगन समाज के अध्यक्ष आनंद देवांगन अधिवक्ता ने एवं वरिष्ठजनों ने कहा कि समाज के लिए यह गर्व का विषय है कि जे.एल. देवांगन ने अपने लंबे सेवाकाल में अपनी कार्यकुशलता और उत्कृष्ट छवि से न केवल विभाग बल्कि समाज का भी नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी व्यक्ति के कर्मपथ का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत होती है। अब वे अपने अनुभवों और मार्गदर्शन से समाज एवं परिवार को नई दिशा देंगे।
सम्मान समारोह के दौरान जे.एल. देवांगन भावुक हो गए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विभाग में बिताए गए 35 वर्ष कब बीत गए, इसका एहसास ही नहीं हुआ। उन्होंने अपने सभी वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, स्नेह और विश्वास के कारण ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि विभाग उनका दूसरा परिवार रहा है और यहां बिताए गए प्रत्येक पल उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियां बनकर हमेशा साथ रहेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि जे.एल. देवांगन की ईमानदारी, अनुशासन, सरलता और मिलनसार व्यक्तित्व सदैव याद किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि “सेवानिवृत्ति अंत नहीं, बल्कि नए सफर की शुरुआत है।” इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने जे.एल. देवांगन के उज्ज्वल भविष्य एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन ने दी।
