320 किलो गांजा और पिस्टल के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार, अमरवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

छिंदवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमरवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 320.80 किलोग्राम गांजा, एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने दो वाहनों में सवार सात शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अमरवाड़ा कल्याणी वरकड़े के नेतृत्व में थाना प्रभारी अमरवाड़ा राजेन्द्र धुर्वे और पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर और काले रंग की टाटा सफारी कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर अमरवाड़ा होते हुए नरसिंहपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस ने ग्राम तेंदनीमाल मेन हाईवे रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान कंटेनर और टाटा सफारी कार आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने वाहन तेज गति से भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए भूमका घाटी के पास दोनों वाहनों को रोक लिया।
गुप्त बॉक्स में छिपाकर रखा था गांजा
कंटेनर की तलाशी लेने पर केबिन के अंदर बनाए गए विशेष गुप्त बॉक्स से 7 प्लास्टिक बोरियों में 252.48 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कंटेनर में तीन आरोपी सवार थे।
वहीं टाटा सफारी कार की तलाशी में डैशबोर्ड बॉक्स से एक लोडेड पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस तथा कार के अंदर से दो बोरियों में 68.32 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार सभी सात आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाया गया था। तस्करी का रूट रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर होते हुए झांसी तथा संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश तक बताया गया है। पुलिस के अनुसार गांजा सदनलाल चौरसिया निवासी संतकबीर नगर के कहने पर ले जाया जा रहा था।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि बरामद पिस्टल गिरफ्तार आरोपी मोनिस को सदनलाल चौरसिया द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। मामले में सदनलाल चौरसिया फरार बताया गया है। पुलिस द्वारा गांजे के स्रोत और पूरे नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
यह सामान हुआ जब्त
– 320.80 किलोग्राम गांजा — अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये
– एक कंटेनर — RJ 33 GA 2064
– एक टाटा सफारी कार — UP 32 RP 5056
– एक पिस्टल
– पांच जिंदा कारतूस
– आठ मोबाइल फोन
– 24,090 रुपये नकद
सात आरोपी गिरफ्तार
1. संतोष गिरी, 33 वर्ष — आगर-मालवा, मध्यप्रदेश
2. मोनिस, 26 वर्ष — संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश
3. अजय यादव, 27 वर्ष — बस्ती, उत्तर प्रदेश
4. कृष्ण कुमार, 32 वर्ष — बस्ती, उत्तर प्रदेश
5. आदर्श सिंह, 27 वर्ष — बस्ती, उत्तर प्रदेश
6. ऋषभ सिंह, 21 वर्ष — गोंडा, उत्तर प्रदेश
7. शुभम सिंह, 23 वर्ष — बस्ती, उत्तर प्रदेश
फरार आरोपी: सदनलाल चौरसिया, निवासी संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश।
NDPS और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
अमरवाड़ा थाने में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 580/26, धारा 8/20 NDPS Act एवं 25, 27 Arms Act के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अमरवाड़ा निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे सहित पुलिस टीम, थाना कुंडीपुरा पुलिस एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
