*ग्राम पंचायतों में निकली तिरंगा यात्रा*

तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली // कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत जिले के ग्राम पंचायतों में देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में गांव के बुजुर्ग, युवा और बच्चे पूरे उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोग कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा।
रास्ते भर लोग अपने घरों से निकलकर तिरंगा यात्रा में शामिल हो रहे थे, जिससे यात्रा का स्वरूप और भी भव्य होता चला गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों ने माहौल को भावविभोर कर दिया। इस आयोजन ने न केवल स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह बढ़ाया, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, एकता और अखंडता के संदेश को भी जन-जन तक पहुँचाया।
