More

    *सीएम हेल्पलाइन 1076 एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली विषय पर दिया गया प्रशिक्षण*

    तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली कलेक्टर महोदय श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आज दिनांक 22 मई 2026 को कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मुंगेली के सभाकक्ष में सीएम हेल्पलाइन 1076 एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली विषय पर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. शीला साहा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डाॅ. गिरीश कुर्रे ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीएम हेल्पलाइन 1076 के उपयोग एवं संचालन की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में बताया गया कि सीएम हेल्पलाइन ’’त्वरित शिकायत निवारण हेतु एकीकृत मंच’’ है तथा यह गुड गवर्नेंस की दिशा में राज्य शासन का एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से नागरिकों की शिकायतों, सुझावों एवं समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन प्रणाली पाँच प्रमुख स्तंभों शिकायत ट्रैकिंग, समयबद्ध निवारण, नागरिक फीडबैक, पारदर्शिता एवं जवाबदेही तथा कुशल निगरानी पर आधारित है। प्रत्येक दर्ज शिकायतकर्ता को 12 अंकों का विशिष्ट टोकन क्रमांक प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से शिकायतकर्ता हर चरण में अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेगा। शिकायत दर्ज कराने के विभिन्न माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें 1076 हेल्पलाइन नंबर 18002333300, वेब पोर्टल https://cmhelpline.cg.gov.in/, मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप एवं भौतिक पत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। शिकायतों के समाधान के लिए चार स्तरीय तंत्र तैयार किया गया है। एल-1 स्तर पर ब्लॉक स्तर के अधिकारी, एल-2 पर जिला स्तर, एल-3 पर संभागीय अथवा निदेशालय स्तर और एल-4 पर सचिव या विभागाध्यक्ष स्तर पर शिकायतों का निराकरण किया जाएगा। यदि निर्धारित समय सीमा में शिकायत का समाधान नहीं होता है, तो मामला स्वतः अगले स्तर पर पहुंच जाएगा। इससे लापरवाही और देरी पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। सीएम हेल्पलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली सूचना का अधिकार (आरटीआई) से संबंधित, माननीय न्यायालय के विचाराधीन, मांग संबंधी, विभागीय स्थापना संबंधी (पेंशन, ग्रेच्युट एवं अनुकम्पा नियुक्ति मामलों को छोड़कर) एवं केन्द्र सरकार से संबंधित प्रकरणों के लिए मान्य नही होगा। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. कमलेश कुमार, खण्ड चिकित्सा अधिकारी विकासखण्ड-पथरिया डाॅ. अमित लाल, विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक विकासखण्ड-मुंगेली श्री मनीष गुप्ता, विकासखण्ड-मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

    Trending News

    Technology