*सीआईए रतिया पुलिस ने महिला आरोपी को चूरा पोस्त सहित किया काबू*
*आरोपी के कब्जे से 5 किलो 720 ग्राम चूरा पोस्त बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज*

फतेहाबाद, (प्रवीन दहिया) सीआईए रतिया पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब के गिदड़बा जिला मुक्तसर निवासी सिमरजीत कौर पत्नी जसविंद्र सिंह को चूरा पोस्त सहित काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम नया बस अड्डा फतेहाबाद क्षेत्र में गश्त एवं नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर एक महिला घबराकर तेज कदमों से वहां से जाने लगी। शक के आधार पर महिला को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपनी पहचान गिदड़बा जिला मुक्तसर, पंजाब निवासी सिमरजीत कौर पत्नी जसविंद्र सिंह के रूप में बताई।
पुलिस को महिला के पास मौजूद बैग में नशीला पदार्थ होने का संदेह हुआ। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में महिला पुलिस कर्मचारी द्वारा बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान महिला के बैग से 5 किलो 720 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 225 दिनांक 21.05.2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15बी/61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
