*सहकारिता मंत्रालय के गठन के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर सहकारी सप्ताह के अंतर्गत जिलेभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान*
*70 सहकारी समितियों ने लगाए 700 से अधिक पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प*
*हरित भविष्य और जलवायु संतुलन की दिशा में सहकारिता विभाग की सार्थक पहल*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, / भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में 29 जून से 06 जुलाई 2026 तक “सहकारी सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिला मुंगेली में सहकारिता विभाग के नेतृत्व में जिलेभर की सहकारी समितियों द्वारा व्यापक वृक्षारोपण अभियान संचालित किया गया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा जनभागीदारी का सशक्त संदेश दिया गया।
जिले की 70 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं अन्य सहकारी संस्थाओं ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया। प्रत्येक समिति द्वारा न्यूनतम 10 पौधे लगाए गए, जिसके परिणामस्वरूप पूरे जिले में 700 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान में सहकारी समितियों के पदाधिकारी, कर्मचारी, सदस्य एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
वृक्षारोपण के दौरान छायादार, फलदार एवं पर्यावरण की दृष्टि से उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। सभी समितियों ने केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहकर उनके संरक्षण, नियमित सिंचाई एवं देखभाल का भी संकल्प लिया, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे विकसित होकर जिले के हरित आवरण को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
सहकारिता विभाग ने बताया कि वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के लिए सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सभी की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। सहकारिता आंदोलन की मूल भावना सामूहिक प्रयास और जनहित पर आधारित है तथा यही भावना इस अभियान में भी देखने को मिली।
सहकारी सप्ताह के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनहितकारी एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। आगामी दिनों में सहकारिता विषयक संगोष्ठी, कृषक हितैषी कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियान, किसानों के लिए प्रशिक्षण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा, जिनका उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुख बनाना है।
सहकारिता विभाग, जिला मुंगेली ने वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहकारी समितियों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों, सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विभाग ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।
