More

    *शहर के प्रमुख मार्गों से निकला पुलिस मार्च, आमजन में सुरक्षा का संदेश।*

    सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत मोहर्रम पर्व को लेकर कोरबा पुलिस का फ्लैग मार्च।

    शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पुलिस की अपील, असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी निगरानी।

    कोरबा – मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से “ *सजग कोरबा – सतर्क कोरबा* ” अभियान के तहत आज कोरबा पुलिस द्वारा शहर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में संपन्न हुआ।पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक सहित थाना /पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया।

    जिला मुख्यालय में निकाला गया फ्लैग मार्च टी.पी. नगर चौक से प्रारंभ होकर शारदा विहार तिराहा, सुनालिया चौक, पावर हाउस रोड, ओवर ब्रिज के नीचे होते हुए पुराना बस स्टैंड पहुंचकर समाप्त हुआ।

    फ्लैग मार्च में लगभग 70 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस बल द्वारा पैदल मार्च कर आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा असामाजिक तत्वों को कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु स्पष्ट संदेश दिया गया।

    फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस द्वारा नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि कोरबा पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है। पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

    पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं पारंपरिक तरीके से मनाएं, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

    “ *सजग कोरबा – सतर्क कोरबा* ” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में सतत निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।

    कोरबा पुलिस का उद्देश्य है कि प्रत्येक पर्व एवं आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, जिससे जिले में आपसी विश्वास, भाईचारा एवं सौहार्द की भावना और मजबूत हो।

    Trending News

    Technology