बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पर धूल का कहर! उड़ते डस्ट से हादसों का खतरा, जिम्मेदार कौन

बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पर धूल का कहर! उड़ते डस्ट से हादसों का खतरा, जिम्मेदार कौन?

बिलासपुर। बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग की बदहाल स्थिति से तो हर कोई वाकिफ है, लेकिन अब राहगीरों की परेशानी बारिश के कीचड़ तक सीमित नहीं रह गई है। इन दिनों सड़क पर उड़ती धूल (डस्ट) लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। सड़क से गुजरने वाले वाहनों के पीछे उठने वाला धूल का गुबार इतना अधिक होता है कि सामने से आने वाले वाहन तक दिखाई देना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।

 

धूल के गुबार में गुम हो रहा रास्ता, हादसों का खतरा बढ़ा

बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों को धूल के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब कोई भारी वाहन सड़क से गुजरता है, तो उसके पीछे उठने वाला धूल का गुबार कुछ समय के लिए दृश्यता को बेहद कम कर देता है। इससे सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते और कभी भी गंभीर सड़क हादसा हो सकता है। धूल से आम नागरिकों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

आखिर जिम्मेदार कौन? प्रशासन कब करेगा कार्रवाई?

सवाल यह है कि जब सड़क की बदहाली और धूल से लोगों को परेशानी हो रही है, तो संबंधित विभाग और प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठा रहे हैं? क्या सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव, धूल नियंत्रण और सड़क की उचित मरम्मत की व्यवस्था की जाएगी, या फिर आम जनता को इसी तरह जोखिम उठाकर सफर करना पड़ेगा?

स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए। साथ ही सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य चल रहा हो, तो धूल नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है और लोगों को धूल से राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

बिलासपुर ब्यूरो चीफ मोहनीश सिंह राजपूत की खास रिपोर्ट।

Trending News

Technology