विशेष लेख
*बिजली बिल बकायादारों को बड़ी राहत, समाधान योजना से मिल रही भारी छूट*
*शिविरों के माध्यम से वार्डों में पहुंच रही योजना, उपभोक्ताओं को मिल रहा सीधा लाभ*

तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली,// राज्य शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के तहत जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल में उल्लेखनीय राहत प्रदान की जा रही है। शिविर के माध्यम से न केवल उपभोक्ताओं का आर्थिक बोझ कम हो रहा है, बल्कि वे आसानी से अपने लंबित बिलों का भुगतान भी कर पा रहे हैं। विद्युत विभाग द्वारा वार्ड स्तर पर लगाए जा रहे शिविरों के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी देकर मौके पर ही पंजीयन एवं समाधान की सुविधा दी जा रही है। इसी क्रम में नगर पालिका मुंगेली के विभिन्न वार्डों में उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मिल रहा है। नगर पालिका के ठक्कर बापा वार्ड निवासी श्री साहेब लाल का कुल 31 हजार 616 रुपए का बिजली बिल बकाया था, जिसमें उन्हें 25 हजार 628 रुपए की छूट प्राप्त हुई। इसी प्रकार श्री अयोध्या जोशी का 32 हजार 804 रुपए का बकाया था, जिसमें उन्हें 9 हजार 088 रुपए की छूट प्रदान की गई। योजना के तहत मिली इस राहत से दोनों उपभोक्ताओं ने संतोष व्यक्त किया है। योजना के अंतर्गत बीपीएल, घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को बकाया राशि में विशेष छूट दी जा रही है। बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल राशि में 75 प्रतिशत तक तथा अधिभार में 100 प्रतिशत छूट का प्रावधान है, वहीं घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को मूल राशि में 50 प्रतिशत तथा अधिभार में पूर्ण छूट दी जा रही है। इसके अलावा, बकाया अवधि के आधार पर भी छूट का लाभ मिल रहा है, जिससे पुराने बकायादार उपभोक्ताओं को विशेष राहत मिल रही है। योजना में एकमुश्त भुगतान के साथ-साथ किश्तों में भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे उपभोक्ताओं के लिए भुगतान और अधिक आसान हो गया है। जिले में चल रहे इन शिविरों के माध्यम से सैकड़ों उपभोक्ता लाभान्वित हो चुके हैं और लगातार लोग योजना से जुड़कर अपने बकाया बिजली बिल का निराकरण कर रहे हैं। हितग्राहियों ने इस जनहितकारी योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
