*थाना शहर रतिया पुलिस की कार्रवाई: लूट के मामले में दो अन्य सह आरोपी काबू*
– मामले में एक आरोपी को पहले ही किया जा चुका है काबू, दोनों सह आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

रतिया, 31 मई। थाना शहर रतिया पुलिस ने लूटपाट के एक मामले में कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 03 रतिया निवासी कुलदीप उर्फ बाला पुत्र जगसीर सिंह उर्फ बूटा तथा वार्ड नंबर 08 रतिया निवासी लभ सिंह उर्फ लवी उर्फ लवप्रीत पुत्र सतनाम सिंह को काबू किया है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही काबू कर चुकी है।
थाना शहर रतिया प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि शिकायतकर्ता वार्ड नंबर 09 रतिया निवासी हरमन सिंह पुत्र महेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह आइसक्रीम का ठेला लगाकर शहर में फेरी लगाता है। 21 मार्च 2026 को हनुमान चौक से शिव चौक की ओर जाते समय कुछ युवकों ने आइसक्रीम लेने के बहाने उसे एक मकान में बुला लिया। वहां उससे 3000 रुपये छीन लिए गए, मारपीट की गई तथा घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना शहर रतिया में अभियोग संख्या 71 दिनांक 26 मार्च 2026 के तहत धारा 304(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पूर्व में काबू कर लिया गया था, जबकि अब दोनों अन्य सह आरोपियों को भी गिरफ्तार कर मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है।
महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश प्राप्त हुए। मामले की जांच जारी है तथा पुलिस अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल कर रही है।
