More

    *तृतीय नेशनल लोक अदालत में कुल 14823 प्रकरण हुए निराकृत*

    मुंगेली 09 सितंबर 2023// जिला न्यायालय, तहसील न्यायालय एवं राजस्व न्यायालय में आज वर्ष 2023 का तृतीय नेशनल लोक अदालत आयोजित किया गया। जिला न्यायालय मुंगेली के जिला न्यायाधीश श्री चन्द्रकुमार अजगल्ले ने दीप प्रज्वलित कर नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ किया। परिसर में उपस्थित एक वृद्ध महिला एवं वृद्ध पुरूष पक्षकार को भी दीप प्रज्वलित कराकर पक्षकारों को आपसी सामन्जस्य एवं सौहार्द्रपूर्ण जीवन व्यतीत करने का संदेश दिया गया। नेशनल लोक अदालत हेतु जिला न्यायालय में कुल 06 खंडपीठ, तहसील न्यायालय लोरमी में 01 खडपीठ तथा राजस्व न्यायालय में कुल 08 खंडपीठ का गठन किया गया है। जिसमें कुल 14823 प्रकरणों को निराकृत किया जाकर 1,17,92,510/- रूपये के राशि का अवार्ड पारित किया गया।
    नेशनल लोक अदालत के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारियों के साथ-साथ पक्षकारों का भी निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व ईलाज की व्यवस्था जिला न्यायालय परिसर मुंगेली में रखी गई। नेशनल लोक अदालत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री बलराम देवांगन के खण्डपीठ द्वारा घर में गाय घुसने की बात को लेकर दोनों पक्ष के बीच हुए विवाद के काउंटर प्रकरण का न्यायालय पहुंचने के दूसरे दिन बाद ही मामले का नेशनल लोक अदालत में निराकृत कर उन्हें मधुर संबंध बनाये रखने व भविष्य में भाई-चारा बनाये रखने की समझाईश दी गई। इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण में दो पक्षकारों के मध्य खेत में लगे फसल पर दवा झिड़़कने की बात को लेकर दोनों पक्ष के मध्य विवाद हुआ, जिसके पश्चात् प्रकरण न्यायालय तक पहुॅचा, जिसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री बलराम देवांगन द्वारा समझाईश देते हुए लोक अदालत के लाभ के बारे में अवगत कराया गया। उभय पक्ष के द्वारा मधुर संबंध रखने का वचन देते हुए राजीखुशी प्रकरण का निराकरण कराया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मयंक सोनी ने बताया कि पिछले लोक अदालत के मुकाबले इस लोक अदालत में लगभग 20 प्रतिशत अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी नेशनल लोक अदालत 09 दिसंबर 2023 को आयोजित होगा।

     

    Trending News

    Technology