More

    *डॉ. भीमराव अम्बेडकर शिक्षण संस्थान का 34वां स्थापना दिवस मनाया गया*


    तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली डॉ. भीमराव अम्बेडकर शिक्षण संस्थान छत्तीसगढ़ का 34वां स्थापना दिवस मनाया गया। संस्था के अध्यक्ष राजेन्द्र दिवाकर, प्रादेशिक सचिव एवं व्यवस्थापक एच.आर.भास्कर, प्राचार्य मुंगेली श्रीमती आशा दिवाकर, प्राचार्य संजारी नवागांव श्रीमती खेमलता रात्रे तथा वरिष्ठ सहयोगी जे.आर.साहू द्वारा सर्वप्रथम डॉ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया गया। संस्थान के स्थापना के संबंध में संस्थाध्यक्ष ने बताया कि सर्वप्रथम संरक्षक बी.पी.केशकर एवं प्रथम अध्यक्ष बलदाऊप्रसाद खाण्डे के नेतृत्व में संस्था का गठन किया गया। संस्था द्वारा समाज के हर क्षेत्रों में विकास के लिए प्रयासों में कोई कमी नहीं किया गया। विषम परिस्थितियों में भी 33वर्ष पूर्ण कर आज 34वां सोपान पर पहुंचने में जो सीढ़ी की तरह काम किया गया वह छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, संस्था के कर्मचारियों, सदस्यों व पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के नागरिकों के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मिले सहयोग एवं प्रेरणा ही है। संस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य, शारीरिक, सामाजिक कल्याण, निःशक्त कल्याण, पर्यावरण, व्यावसायिक शिक्षा, कोचिंग आदि क्षेत्रों में अपना कार्य कर रही है। अशिक्षा के वातावरण से समाज को मुक्त कराना और नैतिक शिक्षा का पक्ष विकसित करना संस्थान की मूल चिंता रही है।

    साक्षरता एवं नशा विरोधी अभियान चलाकर जनचेतना का संचार करने में अग्रणी गरीब, ग्रामीण एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग एवं प्रशिक्षण प्रदान करने में सफल प्रयास किया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद कर गौरवान्वित महसूस किया जा रहा है। पर्यावरण जागरूकता, स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन के अलावा राज्य स्तर पर विभिन्न जिलों में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के प्रतिभावान छात्रों तथा उत्कृष्ट एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान तथा समाज को एकसूत्र में बांधने विविध रचनात्मक कार्यों जैसे छड़ीदार, भंडारी, कड़ीहार सत्संग एवं प्रशिक्षण आदि में संस्था की जीवंत भागीदारी उल्लेखनीय है। इन्हीं के फलस्वरूप राज्य निर्माण के पंचम वर्षगांठ के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सामाजिक चेतना एवं सामाजिक न्याय क्षेत्र में गुरूघासीदास सम्मान से सम्मानित किया गया। आज 34वीं सोपान में पहंुचने पर संस्था के उन समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को नमन है। संस्था के प्रादेशिक सचिव एच.आर.भास्कर ने कहा कि मैं संस्था के प्रारंभ से ही जुड़ा हुआ हूं संस्था के प्रत्येक गतिविधियों में मेरी पूर्ण भागीदारी है संस्था के सदस्य एवं पदाधिकारी के रूप में मुझे जो कार्य करने का अवसर मिला उससे मैं बहुत प्रसन्न हूं। आप सभी के सहयोग से ही सीमित साधन और कम समय में ही अधिक उपलब्धियां प्राप्त हुई है।

    इसी तरह आप सबका सहयोग मिलता रहेगा। श्रीमती खेमलता रात्रे ने बताया कि इस संस्थान के सहयोग एवं मागदर्शन से संजारी नवागांव जिला बलौदाबाजार में डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्कूल का संचालन कर रही हूं। इसी तरह कोरबा जिले के बालको नगर में श्रीमती त्रिवेणी भास्कर के नेतृत्व में विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। संस्था की प्राचार्य श्रीमती आशा दिवाकर ने कही कि मैं इस संस्था में विगत 29वर्षों से सेवा दे रही हूं। सबकी त्याग और सेवा से संस्था इस मुकाम पर पहुंची है। सभी सदस्यों, पदाधिकरियों ने 34वां स्थापना दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। अंत में संस्था के उन सभी दिवंगत सदस्यों को दो मिनट मौन श्रद्धांजली अर्पित की गई।

    Trending News

    Technology