जवाहर नगर में पानी की गंभीर समस्या, समाधान नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा, अकलतरा।
जवाहर नगर के रहवासियों ने नगरपालिका परिषद अकलतरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इलाके में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि विगत कई वर्षों से जवाहर नगर में पानी की समस्या बनी हुई है, जिसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ज्ञापन में बताया गया कि जवाहर नगर की गली नंबर 1 और 2 में पानी की आपूर्ति बेहद खराब स्थिति में है। कई बार पानी सप्लाई बिल्कुल बंद हो जाती है, जिससे लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इस समस्या के चलते नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 अगस्त 2025 तक इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर चक्का जाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
ज्ञापन पर जवाहर नगर के कई नागरिकों के हस्ताक्षर हैं और इसे वार्ड पार्षद द्वारा भी समर्थन मिला है।
नगरवासियों ने प्रशासन से इस समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की है ताकि आमजन को राहत मिल सके।
