More

    छत्तीसगढ़ में आज और कल भारी बारिश की चेतावनी, रायपुर में तालाब बनी सड़कें…

    रायपुर| छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज और कल भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट और दंतेवाड़ा, बस्तर, राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, धमतरी और रायपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी राजधानी रायपुर समेत धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर जिलों के कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई है। इसके अलावा बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में भी जमकर बादल बरसे।

    रायपुर में तालाब बनी सड़कें,घरों में घुसा पानी
    रायपुर में कुछ ही घंटे तेज बारिश में सड़कों का हाल तालाब जैसा हो गया। कई इलाकों में लोगों के घरों के भीतर पानी घुस गया। नगर निगम ने ढेर सारे दावे जरूर किए थे लेकिन तेज बारिश ने सारे दावों की पोल खोल दी। कुशालपुर, प्रोफेसर कॉलोनी, चंगोराभाठा,एनआईटी रोड, जयस्तंभ और तेलीबांधा के आसपास के इलाकों में पानी भर गया। लोगों ने जलभराव का वीडियो शेयर कर नगर निगम की व्यवस्था और महापौर पर नाराजगी जाहिर की। यहां कुछ ही घंटों की बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी। राजधानी रायपुर में दोपहर तक 85 मिलीमीटर, कांकेर में 68 और रामानुंजगंज में 60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

    मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसूनी द्रोणिका का पश्चिमी छोर हिमालय की तराई में है और पूर्वी छोर माध्य समुद्र तल पर बाराबंकी, देहरी, रांची, दीघा और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर- पूर्व बंगाल की खाड़ी तक है। एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन गया है, इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवात 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इस मौसम में तंत्र के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए मध्य छत्तीसगढ़ से गुजरने की संभावना है।

    Trending News

    Technology