
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा समर्पित संस्था के माध्यम से संचालित वित्तीय साक्षरता केंद्र मुंगेली द्वारा विकासखंड मुंगेली के ग्राम पंचायत सोढ़ार में स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर (LDO) क्षितिज वर्मा ने उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित बैंकिंग तथा विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, डिजिटल लेन-देन, साइबर सुरक्षा, साइबर फ्रॉड से बचाव, हेल्पलाइन नंबर 1930, बैंकिंग लोकपाल तथा रिजर्व बैंक हेल्पलाइन 14448 के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में वित्तीय जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। कार्यक्रम में जिला अग्रणी बैंक से मोहम्मद अशफाक, वित्तीय साक्षरता केंद्र मुंगेली के कार्यालय प्रभारी धनंजय गर्ग, काउंसलर रूपेन्द्र यादव (मुंगेली), अमित यादव (पथरिया), बालमुकुंद पटेल (लोरमी), एफएलसीआरपी श्रीमती पूजा यादव, सक्रिय महिला श्रीमती रजनी टंडन, एमबीके ज्ञानरति खांडेकर, सुनीता साहू सहित स्व-सहायता समूह की सदस्याएं एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने तथा सरकारी वित्तीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
