
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली— क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुन्नूलाल मोहले ने ग्राम पंचायत नवागांव (घु) का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद आयोजित बैठक में विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, महतारी वंदन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पेयजल, सड़क, विद्युत व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के संबंध में ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने आवास स्वीकृति, राशन कार्ड संबंधी समस्याएं, अधोसंरचना विकास तथा अन्य स्थानीय मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक मोहले ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व है और क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
विधायक ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति को किसी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है तो उसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को अवश्य दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच नारायण साहू ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांव में आकर विकास संबंधी विषयों पर चर्चा करना और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विधायक पुन्नूलाल मोहले क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं और गांव-गांव पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
सरपंच ने कहा, “हमारे गांव में आकर विकास संबंधी महत्वपूर्ण बातों को साझा करने तथा क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों हेतु आपका हृदय से धन्यवाद। हम आपके उज्ज्वल नेतृत्व, जनसेवा की भावना और क्षेत्र के प्रति समर्पण की सराहना करते हैं। हमें विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन में गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी।” ग्रामीणों ने भी विधायक के दौरे का स्वागत करते हुए विभिन्न विकास कार्यों को लेकर अपनी अपेक्षाएं व्यक्त कीं। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव की आवश्यकताओं और मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। विधायक के इस जनसंपर्क एवं ग्राम भ्रमण कार्यक्रम को ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।
