
आशीष कश्यप बिलासपुर:- छत्तीसगढ़ को “विकसित राज्य” बनाने की दिशा में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 19 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, जिला बिलासपुर में “उद्यमिता एवं स्वरोजगार पर 12 दिवसीय सूक्ष्म उद्यम विकास कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराना था। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, व्यवसाय योजना निर्माण, विपणन रणनीतियाँ, वित्तीय प्रबंधन, शासकीय योजनाएँ तथा डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के प्रभावी उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।
यह पहल माननीय मुख्यमंत्री जी के “विकसित छत्तीसगढ़” के विज़न को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार MSME क्षेत्र को सशक्त बनाकर “मेक इन इंडिया” पहल को गति प्रदान करने हेतु सतत प्रयासरत हैं, वहीं EDII के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला युवाओं को उद्यमिता को करियर विकल्प के रूप में अपनाने हेतु प्रेरित कर रहे हैं।
EDII छत्तीसगढ़ टीम, डॉ. अमित कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में, राज्य में MSME विकास हेतु एक सतत एवं सशक्त उद्यमी पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने सहभागिता दर्ज की तथा उद्योग एवं व्यवसाय से जुड़ी अपनी चुनौतियों पर चर्चा की। कार्यशालाओं के माध्यम से उन्हें स्थानीय स्तर पर व्यवसाय प्रारंभ करने एवं उसका विस्तार करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग कार्यालय बिलासपुर की महाप्रबंधक कचिता दर्रो जी ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा छात्र-छात्राओं को भविष्य में उद्यमिता को अपनाने हेतु प्रेरित किया।
शनिवार, 31 जनवरी को आयोजित समापन समारोह की मुख्य अतिथि प्रो. नीलाम्बरी दवे (पूर्व कुलपति, सौराष्ट्र विश्वविद्यालय, राजकोट) ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर उद्यमी बनें, ताकि वे न केवल स्वयं रोजगार प्राप्त करें, बल्कि दूसरों को भी रोजगार प्रदान कर सकें।
इस अवसर पर प्रो. सीमा राय (समन्वयक, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय), प्रो. अमित कुमार सक्सेना (कुलपति, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय), प्रो. अश्विनी कुमार दीक्षित (कुलसचिव, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय), डॉ. अमित कुमार खासकलम (सह-समन्वयक, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय), प्रो. प्रेम नाथ कमलेश (प्रशिक्षण एवं स्थानन अधिकारी, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय), अरविन्द कुमार द्विवेदी (वरिष्ठ परियोजना अधिकारी, EDII), डॉ. संदीप यादव (परियोजना अधिकारी, EDII), सुप्रिया कश्यप, अमनप्रीत कौशिक एवं नारायण कौशिक सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
