More

    *अकलतरा – संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पिता ने की निष्पक्ष जांच की मांग*

    मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा विकासखंड के ग्राम करुमहू निवासी शंकर यादव ने अपने पुत्र अंशुमन यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु की जांच की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।

    ज्ञापन में उन्होंने बताया कि 14 जुलाई की शाम करीब साढ़े 6 बजे अंशुमन स्कूटी से घूमने की बात कहकर घर से निकला था। रात 8 बजे तक घर नहीं लौटने पर जब परिजनों ने उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। रातभर खोजबीन के बाद, 15 जुलाई की सुबह उनके भाई ने अकलतरा जाते समय खदान के पास स्कूटी खड़ी देखी। आस-पास तलाश करने पर स्कूटी की चाबी नीचे पड़ी थी और अंशुमन का शव खदान के पानी में तैरता मिला।

    शव के पास से मोबाइल और चप्पल नहीं मिले। पुलिस को सूचना देने पर एफएसएल और सायबर सेल की टीम मौके पर पहुंची, पूछताछ व पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

    शंकर यादव का आरोप है कि उनके पुत्र की हत्या कर शव को खदान में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि अकलतरा पुलिस को कई बार संदिग्धों के नाम बताने और गुहार लगाने के बाद भी सही जांच नहीं की जा रही है। उन्होंने जांच अधिकारी बी.एल. कोसरिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि 30 जुलाई को वे परिजनों का कथन लेने घर आए थे, लेकिन अब तक हुई कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं दी गई।

    परिजनों का कहना है कि यदि संदिग्ध लोगों से सही तरीके से पूछताछ की जाए तो सच्चाई सामने आ सकती है।

    वर्जन
    जांच प्रभारी बी.एल. कोसरिया ने बताया कि “मृतक के परिजनों द्वारा बताए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। उनमें से एक व्यक्ति फिलहाल बाहर है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल जांच के लिए भेजी गई है, जिसके आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।”

    Trending News

    Technology