*सुशासन तिहार: दिव्यांग शकुंतला को मिला आत्मसम्मान*
*मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने से आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में नई शुरुआत*

मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली,// शासन तिहार केवल समस्याओं के समाधान का मंच नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाने का माध्यम बन रहा है। शासन की संवेदनशील पहल और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इसी कड़ी में लोरमी विकासखंड के ग्राम करूहानार में आयोजित समाधान शिविर दिव्यांग हितग्राही शकुंतला जायसवाल के जीवन में खुशियों की नई सौगात लेकर आया। ग्राम कंसरी निवासी शकुंतला जायसवाल को वर्षों से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सीमित शारीरिक क्षमता के कारण उनके लिए घर से बाहर निकलना, बाजार जाना या सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन समाधान शिविर में उस समय उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान कर आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में एक नई शुरुआत दी।
मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने के बाद शकुंतला के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे अपने दैनिक कार्य आसानी से स्वयं कर सकेंगी और समाज की मुख्यधारा से और अधिक जुड़ सकेंगी। भावुक होकर शकुंतला ने कहा, पहले कहीं आने-जाने में बहुत परेशानी होती थी। छोटी-सी दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता था। अब यह ट्राईसाइकिल मेरे लिए आजादी और आत्मविश्वास का नया माध्यम बन गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं वास्तव में जरूरतमंद लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं।
