*-सीआईए रतिया टीम की नशे पर बड़ी स्ट्राइक: बस अड्डे के कमरे से 52 किलो 320 ग्राम डोडा चूरा पोस्त सहित पंजाब के दो तस्कर काबू-*
*— सीआईए रतिया ने गुप्त सूचना पर की छापेमारी, बठिंडा निवासी दोनों आरोपी गिरफ्तार — बरामद नशे का वजन कमर्शियल (वाणिज्यिक) मात्रा के तहत आने पर सदर थाना रतिया में दर्ज हुआ बड़ा मुकदमा*-

रतिया, 27 मई।फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध जाँच शाखा (CIA) रतिया की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान पंजाब के रहने वाले दो शातिर तस्करों को 52 किलोग्राम 320 ग्राम डोडा चूरा पोस्त सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान संदीप उर्फ सिप्पी पुत्र श्रीराम (निवासी अर्जुन नगर, गली नंबर 1/3, बठिंडा, पंजाब) व विनय कुमार पुत्र विनोद कुमार (निवासी राजीव गांधी कॉलोनी, बठिंडा, पंजाब) के रूप में हुई है।
सीआईए रतिया प्रभारी उप-निरीक्षक प्रदीप ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 26 मई 2026 की शाम पुलिस टीम नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए घग्गर नाली रतिया के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि पंजाब के उक्त दोनों तस्कर रतिया से ब्राह्मणवाला रोड पर स्थित रोजावाली बस अड्डा के कमरे में भारी मात्रा में डोडा चूरा पोस्त कट्टों में भरकर पंजाब ले जाने के लिए बस के इंतजार में बैठे हैं।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रोजावाली बस अड्डा पर छापेमारी कर दोनों युवकों को प्लास्टिक कट्टों सहित काबू कर लिया। नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी व जाँच करने पर उनके पास से क्रमशः 25 किलो 920 ग्राम और 26 किलो 400 ग्राम (कुल 52 किलो 320 ग्राम) डोडा चूरा पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद हुए।
आरोपियों के खिलाफ थाना सदर रतिया में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 15C-61-85 के तहत मुकदमा नंबर 125/2026 दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क व मुख्य सप्लायर के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। मामले की जाँच जारी है।
*फतेहाबाद पुलिस का संकल्प*: नशे के सौदागरों के खिलाफ जिला पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ पूरी कड़ाई से जारी रहेगा। अंतरराज्यीय नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए पुलिस मुस्तैद है और इस काले कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
