शासकीय प्राथमिक शाला सेनगुड़ा में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया बाल दिवस
– बच्चों को टाई, बेल्ट एवं शैक्षणिक सामग्री का निःशुल्क वितरण।
– प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित।

लोरमी। शासकीय प्राथमिक शाला सेनगुड़ा में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस हर्षोल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा,
रचनात्मकता एवं शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्रधान पाठक अशोक कुमार टोण्डे द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया गया। प्रधान पाठक अशोक कुमार टोण्डे ने अपने उद्बोधन में पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेहरू जी को बच्चों से अत्यंत प्रेम था। बच्चे उन्हें प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार, स्वतंत्र चिंतन एवं आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी नियमित विद्यालय आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें, अनुशासन एवं अच्छे संस्कार अपनाएं तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें।इसके पश्चात विद्यालय के बच्चों ने मनमोहक कविता, कहानी, गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में पहाड़ा सुनाओ, पुस्तक पढ़ो,रंगोली, चोटी बनाओ, खेलकूद एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
– *शैक्षणिक प्रतिभा एवं नियमित उपस्थिति के लिए विशेष सम्मान*
विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कक्षा पांचवीं के छात्र रिशभ को 27 का पहाड़ा सुनाने पर तथा गुलशन को 25 का पहाड़ा याद होने पर सम्मानित किया गया। वहीं 20 तक का पहाड़ा याद रखने वाले विद्यार्थियों को मेडल, कॉपी एवं पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय में सर्वाधिक नियमित उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों में कक्षा पहली से भूदेव, दूसरी से गीतांजलि, तीसरी से परमेश, चौथी से प्रिंस एवं पांचवीं से गुलशन को मेडल एवं शैक्षणिक सामग्री देकर सम्मानित किया गया। वहीं सबसे तेज गति से पुस्तक पढ़ने की प्रतिभा प्रदर्शित करने पर आकृति को पुरस्कृत किया गया।
– *खुशबू की विद्यालय वापसी बनी प्रेरणादायक मिसाल*
कार्यक्रम का एक अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायक प्रसंग कक्षा पांचवीं की छात्रा खुशबू से जुड़ा रहा। खुशबू अपने माता-पिता के साथ पलायन पर जाने के कारण पढ़ाई छोड़ चुकी थी। संस्था के प्रधान पाठक अशोक कुमार टोण्डे द्वारा लगातार समझाइश, प्रेरणा एवं प्रयास किए जाने के बाद खुशबू ने पुनः विद्यालय आना शुरू किया। आज वह लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तय कर नियमित रूप से विद्यालय पहुंच रही है। बाल दिवस के अवसर पर उसके इस सराहनीय प्रयास, शिक्षा के प्रति लगन एवं संघर्षशीलता को देखते हुए उसे सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। यह पहल इस बात का संदेश देती है कि निरंतर प्रोत्साहन एवं सकारात्मक प्रयासों से बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।
– *बच्चों को निःशुल्क सामग्री वितरण एवं विशेष भोज*
बाल दिवस को बच्चों के लिए और भी यादगार बनाने के उद्देश्य से संस्था के प्रधान पाठक अशोक कुमार टोण्डे एवं सहायक शिक्षक निकेश कुमार साहू द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों को निःशुल्क टाई, बेल्ट एवं विभिन्न शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही बच्चों के लिए विशेष भोज के रूप में पूरी, सब्जी एवं मिठाई की व्यवस्था की गई। उपहार एवं स्वादिष्ट भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, नियमित उपस्थिति, प्रतिभा विकास एवं जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मिथला टंडन, अजय कुर्रे, नरेन्द्र मारकण्डे ,कला डहरिया, जमुना घुमसरे, देवचंद कोसले, सतीश घृतलहरे एवं पालक उपस्थित थे।

