More

    *विशेष ग्राम सभा में पंचायत विकास को मिली नई दिशा*

    *ग्रामीणों ने अतिक्रमण मुक्त भूमि और पारदर्शी विकास कार्यों पर दिया जोर*

    तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली — ग्राम पंचायत नवागांव (घु.) में आयोजित विशेष ग्राम सभा में पंचायत भवन निर्माण एवं ग्राम विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। ग्राम सभा में सरपंच नारायण साहू, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति में गांव के विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई और सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए।
    गांव के सरपंच नारायण साहू ने बताया कि पंचायत में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से पंचायत भवन निर्माण की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है तथा निर्माण के लिए भूमि भी प्रस्तावित की गई थी। हालांकि ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल पर अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण निर्माण कार्य में बाधा आ सकती है। इस पर ग्राम सभा में मौजूद सभी सदस्यों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि पंचायत भवन निर्माण से पहले भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना आवश्यक है। ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर उपलब्ध शासकीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया। ग्राम सभा में यह मांग रखी गई कि गांव के शासकीय भवनों एवं खाली भूमि का उचित उपयोग करते हुए पंचायत को विकास कार्यों के लिए अधिक अधिकार दिए जाएं, ताकि गांव की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं का संचालन किया जा सके। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत भवन गांव के विकास और प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होता है, इसलिए इसके निर्माण के लिए साफ एवं विवादमुक्त भूमि उपलब्ध कराना जरूरी है। ग्राम सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित भूमि का सीमांकन कराने तथा अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन को आवेदन सौंपा जाएगा, ताकि जल्द से जल्द पंचायत भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सके।
    ग्राम सभा में पारदर्शिता और जनसहभागिता पर विशेष बल दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के विकास से जुड़े सभी निर्णय ग्राम सभा की सहमति और जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लिए जाने चाहिए। वरिष्ठ नागरिकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने भी सामूहिक निर्णय को गांव के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस विशेष ग्राम सभा में पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर अतिक्रमण मुक्त भूमि उपलब्ध कराएगा, जिससे पंचायत भवन निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों को गति मिल सकेगी।

    Trending News

    Technology