Home Uncategorized वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर लखनऊ में होगा राष्ट्रीय...

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर लखनऊ में होगा राष्ट्रीय युवा शिविर, मुंगेली के तीन युवा करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

0
17

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर लखनऊ में होगा राष्ट्रीय युवा शिविर, मुंगेली के तीन युवा करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

*25 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित शिविर में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और युवा नेतृत्व को मिलेगा बढ़ावा*

**नितेश मोहले, अरुण साहू एवं विकास निर्मलकर शिविर में होंगे शामिल**

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर देशभर में युवाओं को राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक सात दिवसीय ‘वंदे मातरम् शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय शिविर में मुंगेली जिले के तीन युवा स्वयंसेवक सहभागिता कर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुंगेली जिले से नितेश कुमार मोहले, अरुण कुमार साहू एवं विकास निर्मलकर को इस शिविर में शामिल होने का अवसर मिला है। शिविर के माध्यम से तीनों युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के साथ संवाद करने, विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करने तथा राष्ट्रीय एकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों को समझने का अवसर मिलेगा।

**वंदे मातरम् के 150 वर्ष का ऐतिहासिक महत्व**

राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने की थी। इसका प्रथम प्रकाशन 7 नवंबर 1875 को साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में हुआ था। यह गीत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्ति, राष्ट्रीय चेतना और एकता का सशक्त प्रतीक बना। इसके 150 वर्ष पूर्ण होने का अवसर देश की गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को स्मरण करने और नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।

**युवाओं में नेतृत्व और राष्ट्रनिर्माण की भावना होगी मजबूत**

शिविर में भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं, नागरिक कर्तव्यों, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, स्वतंत्रता आंदोलन में वंदे मातरम् के योगदान तथा सामाजिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद एवं विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है। यह पहल ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मेरा युवा भारत, बिलासपुर संभाग के उपनिदेशक श्री नितिन कुमार शर्मा ने मुंगेली जिले के तीनों युवा स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिविर में प्राप्त अनुभव और ज्ञान का उपयोग युवा अपने जिले में जनजागरूकता, युवा सहभागिता एवं सामाजिक सेवा की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में करेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here