
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली, मुंगेली विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बैहाकापा संकुल तरवरपुर के प्रतिभाशाली छात्र सौरभ कुर्रे ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय दाबो में कक्षा छठवीं के लिए चयनित होकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का वातावरण है। सौरभ की इस सफलता पर उनके माता-पिता ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके बेटे की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से सौरभ ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। विद्यालय के शिक्षकों ने भी सौरभ की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि सौरभ प्रारंभ से ही मेधावी एवं परिश्रमी छात्र रहा है। उन्होंने सौरभ को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
