*महिला उद्यमियों को बाजार से जोड़ने लोरमी में एमडीए कार्यशाला आयोजित*

मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी,मुंगेली-— विकासखंड लोरमी में महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 09 अप्रैल को मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस (एमडीए) कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सदस्यों एवं महिला संचालित सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को बाजार से जोड़ना, उनके उत्पादों की ब्रांडिंग एवं बिक्री को बढ़ावा देना तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बाजार विस्तार के अवसर उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत लोरमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेश कुमार कंवर द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिला उद्यमिता न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम है, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि एमडीए जैसी योजनाएं महिला उद्यमियों को बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने में मददगार साबित हो रही हैं। कार्यशाला में प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई, जिसमें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के मेलों एवं प्रदर्शनी में भागीदारी की प्रक्रिया, उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं लेबलिंग में सुधार, गुणवत्ता प्रमाणन एवं मानकीकरण का महत्व, बी2बी एवं बी2सी मार्केट लिंकज के अवसर, ई-कॉमर्स एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिक्री विस्तार तथा सरकारी सहायता एवं अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया शामिल रही। विशेषज्ञों द्वारा सफल महिला उद्यमियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागियों को व्यावहारिक सुझाव दिए गए, जिससे वे अपने उत्पादों को प्रतिस्पर्धात्मक बाजार में स्थापित कर सकें। साथ ही प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने हेतु मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से लगभग 30 महिला उद्यमियों, एसएचजी प्रतिनिधियों एवं महिला संचालित लघु एवं मध्यम उद्यमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर विकासखंड परियोजना प्रबंधक अविनाश चंद्र अहीरे, विभागीय अधिकारी, विपणन विशेषज्ञ एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम एवं एएफसी इंडिया लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
