
मनोज साहू जांजगीर चांपा :-अकलतरा। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 33 में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची अद्यतन कार्य तेज़ी से जारी है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुब्रत प्रधान एवं एसडीएम सुमीत बघेल के मार्गदर्शन में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार शशिभूषण सोनी के निर्देशन में नगरपालिका क्षेत्र में विभिन्न भागों के आधार पर शिविर स्थलों का निर्धारण किया गया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।
जारी सूची के अनुसार कुल 18 बीएलओ को जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक भाग के लिए अलग-अलग शिविर स्थल तय किए गए हैं, जहां पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन व दस्तावेज़ सत्यापन का कार्य किया जाएगा। साथ ही युवा मतदाताओं को नए पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाएगा।
शिविर स्थल:
दुर्गा मंदिर पोड़ीभाटा, पालीलाल स्मृति भवन संजय नगर, रेस्ट हाउस, मिनीमाता मंगल भवन, रहसबेड़ा सामुदायिक भवन, अध्यारी पारा, कन्या शाला परिसर, सामुदायिक भवन, गोविंदगंज स्कूल, महाकाली मंदिर सहित कुल 18 स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे।
अधिकारियों ने कहा कि सभी पात्र नागरिक निर्धारित तिथि व स्थल पर पहुँचकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि आगामी चुनाव में किसी भी मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
इसी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा गणना पत्रक के संकलन व डिजिटाइजेशन कार्य हेतु क्लस्टर स्तर पर बीएलओ, अभिहित अधिकारी, पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन व कोटवार की टीम गठित की गई। वर्कशॉप आयोजित कर प्रशिक्षण दिया गया तथा जनजागरूकता रथ के माध्यम से रैली निकालकर लोगों से स्वयं पहल कर अपने फॉर्म जल्द से जल्द बीएलओ को जमा करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में निर्वाचन सुपरवाइजर अकलतरा गोविंद देवांगन, सीईओ जनपद शैलेश भगत, सीएमओ संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
