More

    *बरसात से पहले खड़खड़िया नाले की सफाई शुरू, चार-पांच वार्डों को मिलेगी जलभराव से राहत*

    तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली— आगामी मानसून को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख जल निकासी स्रोत खड़खड़िया नाले की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। वर्षों से गाद, कचरे और मलबे से प्रभावित इस नाले की सफाई शुरू होने से शहर के चार से पांच वार्डों के नागरिकों को बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। जानकारी के अनुसार खड़खड़िया नाला शहर के कई प्रमुख वार्डों से होकर गुजरता है और आसपास के छोटे-बड़े नालों का पानी इसी मुख्य नाले में आकर मिलता है। लंबे समय से समुचित सफाई नहीं होने के कारण नाले में गाद और कचरा जमा हो गया था, जिससे बरसात के समय पानी की निकासी प्रभावित होती थी। परिणामस्वरूप नाले का पानी उफान पर आकर आसपास के मोहल्लों और रिहायशी क्षेत्रों में भर जाता था, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों के खतरे का भी सामना करना पड़ता था। नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर के निर्देशन में सफाई अभियान को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। वहीं अंबेडकर वार्ड पार्षद सहित अन्य पार्षदों की टीम भी लगातार निगरानी कर रही है, ताकि सफाई कार्य समय पर और प्रभावी ढंग से पूरा हो सके। सफाई अभियान के दौरान नाले से वर्षों पुरानी गाद, प्लास्टिक कचरा और अन्य अवरोधों को हटाया जा रहा है। हालांकि कई स्थानों पर कीचड़, दलदल और मार्ग की अनुपलब्धता के कारण भारी सफाई मशीनों का पहुंचना संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसी परिस्थितियों में नगर पालिका द्वारा वैकल्पिक व्यवस्थाएं अपनाकर सफाई कार्य को निरंतर जारी रखा गया है। स्थानीय नागरिकों ने बरसात से पूर्व शुरू किए गए इस अभियान की सराहना करते हुए नगर पालिका प्रशासन, सीएमओ होरी सिंह ठाकुर तथा सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। नागरिकों का कहना है कि यदि नाले की नियमित सफाई होती रही तो आने वाले दिनों में जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकेगी। नगर पालिका प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि मानसून शुरू होने से पहले नाले की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    Trending News

    Technology