
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली-— ग्राम पंचायत नवागांव (घुटेरा), जनपद पंचायत मुंगेली के पंचायत सचिव आत्माराम साहू ने ग्राम के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि सूरज साहू के खिलाफ सिटी कोतवाली मुंगेली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने तथा झूठी शिकायत कर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, 01 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 02 से 03 बजे के बीच पंचायत कार्यालय में शासकीय कार्य के दौरान सूरज साहू पहुंचे और बिना किसी कारण विवाद करते हुए पंचायत सचिव के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सूरज साहू ने सड़क निर्माण कार्य को लेकर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में झूठी शिकायत दर्ज कराई, जिससे पंचायत की छवि धूमिल करने और सचिव को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया। पंचायत सचिव ने शिकायत में कहा है कि इस घटना से उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भय उत्पन्न हो गया है तथा शासकीय कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक बाधा आ रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधि अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
