
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली/पलछुवा — ग्राम पंचायत पलछुवा के आश्रित ग्राम नुनियाचर में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। गांव में लंबे समय से खराब और जर्जर बिजली तार की समस्या बनी हुई है, जिसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा कई बार बिजली विभाग को की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खराब तारों के कारण आए दिन शॉर्ट सर्किट और आग लगने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे जान-माल का खतरा लगातार बना हुआ है। कई बार खेतों और आसपास के क्षेत्रों में आग लग चुकी है, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। इसके बावजूद विभाग द्वारा समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में बिजली विभाग के एई बी. एल. बंजारे को भी कई बार मौखिक रूप से जानकारी दी गई, लेकिन अब तक तार बदलने या मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया। गांव के लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली विभाग तत्काल खराब तारों को बदलकर नई लाइन लगाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
