More

    *परीक्षा पद्धति के संबंद्ध में समझ विकसित करने का अच्छा प्रयास-रमेश साहू*


    तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली: डाॅ. भीमराव अम्बेडकर शिक्षण संस्थान छत्तीसगढ़ से संबंद्ध डाॅ. ब्रास मास्टर की एकेडमी द्वारा डाॅ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय परिसर में भक्त माता कर्मा जयंती के अवसर पर जेईई, नीट, बीएससी नर्सिंग परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए 45 से 75 दिवसीय निःशुल्क क्रैश कोर्स कोचिंग का शुभारंभ किया गया। सर्वप्रथम वरिष्ठ अभिभावक रमेशकुमार साहू, संस्थाध्यक्ष राजेन्द्र दिवाकर, व्यवस्थापक एच.आर. भास्कर एवं प्राचार्य श्रीमती आशा दिवाकर द्वारा डाॅ. भीमराव अम्बेडकर एवं भक्त माता कर्मा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन किया गया। तत्पश्चात सामूहिक प्रार्थना की गई। अभिभावक रमेश साहू ने माता कर्मा जयंती की शुभकामना देते हुए कहा कि यह संस्थान द्वारा छात्रों में उच्च स्तर के प्रतियोगी परीक्षाओं के विषय एवं उसकी परीक्षा की पद्धति के संबंद्ध में समझ विकसित करने का अच्छा प्रयास किया जा रहा है। इससे बच्चों को जीवनभर लाभ मिलेगा। ऐसे अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देकर विज्ञान के मूल सिद्धांत को समझकर तैयारी करने को कहा। एच.आर.भास्कर ने कहा कि हमारे संस्थान का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि छत्तीसगढ़ के गरीब, ग्रामीण और प्रतिभावान बच्चों के लिए यह कोचिंग वरदान साबित हो। तीव्र गर्मी में सुविधाओं के अभाव के बावजूद भी यहां उपस्थित होकर छात्र-छात्रा प्रयास एवं अभ्यास कर सफल हो रहे हैं। इस तरह की कोचिंग के लिए मध्यमवर्गीय अभिभावकों को मोटी रकम न देना पड़े इसलिए संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष निःशुल्क क्रैश कोर्स कोचिंग दी जा रही है। प्रदेश के छात्रों एवं अभिभावकों को इसका लाभ भी मिल रहा है। संस्थाध्यक्ष राजेन्द्र दिवाकर ने कहा कि आवासीय सुविधा के साथ निःशुल्क क्रैश कोर्स कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराना जिले के लिए एक उपलब्धि है। जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के सौजन्य से आगे चलकर जिले को कोचिंग हब के रूप में विकसित करना संस्थान का लक्ष्य है। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, संस्था के प्राचार्य श्रीमती आशा दिवाकर तथा कोचिंग टीम के सदस्य, छात्र-छात्रा, अभिभावकगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।

    Trending News

    Technology