Home अन्य खबरे *न्यू स्टेप इंग्लिश मीडियम स्कूल में ‘स्पिरिट ऑफ नवरात्रि’ गरबा नाइट का...

*न्यू स्टेप इंग्लिश मीडियम स्कूल में ‘स्पिरिट ऑफ नवरात्रि’ गरबा नाइट का भव्य आयोजन*

0
5

*न्यू स्टेप इंग्लिश मीडियम स्कूल में ‘स्पिरिट ऑफ नवरात्रि’ गरबा नाइट का भव्य आयोजन*

*नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे एवं पर्वतारोही अमिता श्रीवास को ‘शक्ति सम्मान’ से किया गया सम्मानित*

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-*न्यू स्टेप इंग्लिश मीडियम स्कूल में नवरात्रि के पावन पर्व पर ‘स्पिरिट ऑफ नवरात्रि’ गरबा नाइट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री योगिता बाली खापर्डे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने अपने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों से नारी शक्ति का गौरव बढ़ाया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री योगिता बाली खापर्डे ने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत के बल पर उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने तथा जीवन में सकारात्मक आदतें अपनाने की सलाह भी दी।

विशिष्ट अतिथि पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास ने अपने पर्वतारोहण के अनुभव साझा करते हुए माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई के दौरान आई कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास से कठिन से कठिन लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है,परिस्थिति चाहे जैसी भी हो। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रारंभ से ही मेहनत करने की प्रेरणा दी। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों की जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित करें, उनके सवालों का जवाब दें और उन्हें नई चीजें सीखने से न रोकें।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शिल्पी नाग ने स्वागत उद्बोधन के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।उन्होंने गरबा महोत्सव के धार्मिक महत्व के बारे में सबको बताया। इस अवसर पर न्यू स्टेप इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रबंधन द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री योगिता बाली खापर्डे एवं पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास को उनकी उपलब्धियों, उत्कृष्ट कार्यों तथा नारी शक्ति के लिए प्रेरणास्रोत बनने के प्रतीक स्वरूप *‘शक्ति सम्मान’* से सम्मानित किया गया।

इसके पश्चात गरबा नाइट का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्टाफ सदस्यों ने मां दुर्गा की भक्ति में लीन होकर उत्साहपूर्वक गरबा किया। इस अवसर पर अभिभावकों एवँ छात्रों के लिए गरबा नृत्य करते हुए कुर्सी दौड़ ,माला सजावट, बच्चों के एकल तथा समूह नृत्य आदि कार्यक्रम कराए गए।

दुर्गा माता के जसगीतों और गरबा गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सभी ने पारंपरिक गरबा नृत्य का आनंद लेते हुए नवरात्रि के उत्सव को उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया। कार्यक्रम का सफल संचालन चिराग शर्मा ने किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती पुष्पा श्रीवास, श्रीमती ऋचा नाग ,श्रीमती संतोषी साहू

कु अंजू शर्मा, कु मोनिका ,कु मनीषा, कु अनामिका तथा रानू यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में स्कूल के डायरेक्टर आलोक नाग ने सभी आगंतुकों एवँ अपने स्टाफ़ का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफ़ल आयोजन के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में शिक्षा, आत्मविश्वास, नशामुक्त जीवन और नारी सशक्तिकरण के संदेश को प्रसारित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को भी प्रोत्साहित किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here