*नवीन शासकीय महाविद्यालय कंतेली में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, छात्र-छात्राओं के लिए सुनहरा अवसर*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जिला मुंगेली के ग्राम कंतेली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नवीन शासकीय महाविद्यालय की शुरुआत की गई है। वर्तमान में महाविद्यालय का संचालन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंतेली के परिसर से किया जा रहा है। यह महाविद्यालय अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर से संबद्ध है। महाविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए विभिन्न संकायों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसमें बीए में 90 सीटें, बी.कॉम में 90 सीटें, बीएससी (बायो ग्रुप) में 45 सीटें तथा बीएससी (मैथ्स ग्रुप) में 45 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राओं को निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन की हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों सहित महाविद्यालय में जमा करनी होगी। प्रवेश प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) के आधार पर प्रदान किया जाएगा।महाविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्र के विद्यार्थियों से समय पर आवेदन कर प्रवेश प्रक्रिया का लाभ उठाने की अपील की है।
