*दो वर्षों की उपलब्धियाँ, जनता के नाम प्रतिबद्धता: जनदर्शन में बोले राज्य मंत्री श्री तोखन साहू*
*बिलासपुर में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से संवाद करते राज्य मंत्री श्री तोखन साहू*

छत्तीसगढ़:- आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर स्थित निजी कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी विभिन्न समस्याएँ एवं मांगें मंत्री के समक्ष रखीं।
श्री साहू ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “लोगों की समस्याएँ सुनकर उनका समयबद्ध समाधान करना ही सुशासन की सच्ची पहचान है। जनदर्शन जनता और शासन के बीच विश्वास को मजबूत करता है।”
इस अवसर पर श्री साहू ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में आवासन, शहरी विकास, बुनियादी ढाँचे, गरीब कल्याण और जनहित से जुड़ी योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री आवास योजना, शहरी अधोसंरचना विकास, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे क्षेत्रों में सरकार ने ठोस और जन-उपयोगी परिणाम दिए हैं।
जनदर्शन कार्यक्रम के उपरांत श्री साहू ने क्षेत्र में आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भी सहभागिता की।
राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि जनकल्याण, पारदर्शिता और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
