सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने व्यापारियों को दिए विशेष सुरक्षा निर्देश।

लूट एवं उठाईगिरी की घटनाओं को रोकने पुलिस की पहल, सराफा व्यापारियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक।
कोरबा – हाल ही में सराफा दुकानों, बैंक परिसरों एवं नकदी परिवहन के दौरान घटित लूट एवं उठाईगिरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा द्वारा सराफा दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी कोतवाली श्री प्रेमचंद साहू द्वारा कोरबा शहर के सराफा एवं ज्वेलरी दुकान संचालकों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीसीटीवी से लेकर पैनिक अलार्म तक, सुरक्षा में न हो कोई चूक
▪️ सभी सराफा एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं तथा उन्हें सदैव चालू हालत में रखें। कम से कम 02 कैमरे इस प्रकार लगाएं कि एक दुकान के बाहर पार्किंग क्षेत्र तथा दूसरा मुख्य सड़क की ओर निगरानी रख सके।
▪️ दुकान खुलने एवं बंद होने के समय विशेष सतर्कता बरतें। पहचान छिपाने के उद्देश्य से गमछा, मास्क आदि लगाकर आने वाले व्यक्तियों पर नजर रखें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर सतर्क रहें।
▪️ दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी को मजबूत और सुरक्षित तिजोरी में रखें। किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पैनिक अलार्म एवं आपातकालीन घंटी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
▪️ आभूषणों एवं नकदी की पैकिंग दुकान का शटर बंद करके करें। परिवहन से पहले दुकान के बाहर अच्छी तरह निरीक्षण कर लें कि कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि तो नहीं है।
सोना-चांदी और नकदी के परिवहन में बरतें विशेष सावधानी, अपराधियों की नजर से बचें
▪️ सोना-चांदी के जेवरात एवं नकदी का परिवहन करते समय विशेष सुरक्षा बरतें। अकेले अथवा दोपहिया वाहन से असुरक्षित परिवहन करने से बचें।
▪️ नकदी एवं कीमती सामान ले जाने के लिए हमेशा एक ही मार्ग, समय एवं साधन का उपयोग न करें, ताकि किसी प्रकार का पूर्वानुमानित पैटर्न न बन सके।
▪️ दुकान में कार्य करने वाले कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित करें। उनके पहचान पत्र, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराएं तथा आवश्यकता अनुसार पुलिस सत्यापन भी करवाएं।
संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखे तो तत्काल पुलिस को दें सूचना
▪️ दुकान अथवा प्रतिष्ठान के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति, नकाबपोश व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष अथवा डायल 112 को सूचित करें।
कोरबा पुलिस की व्यापारियों से अपील – सतर्कता ही सुरक्षा की पहली कड़ी
दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ती चहल-पहल एवं व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए सभी सराफा एवं ज्वेलरी व्यापारियों से अपील है कि सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षित कारोबारी वातावरण बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।



