*थाना जाखल पुलिस की कार्रवाई : मोबाइल व नकदी छीनने के मामले में दो अन्य सह आरोपी काबू*
– मामले में अब तक कुल छह आरोपी हो चुके हैं काबू

जाखल,थाना जाखल पुलिस ने मोबाइल फोन व नकदी छीनने के मामले में कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 12 नायक बस्ती जाखल निवासी सन्नू उर्फ सन्नी पुत्र राजू तथा वार्ड नंबर 10 नई बस्ती जाखल निवासी अभिषेक पुत्र तरसेम को काबू किया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। इससे पहले इसी मामले में चार आरोपियों को पहले ही काबू किया जा चुका है।
थाना जाखल प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश ने बताया कि शिकायतकर्ता वार्ड नंबर 3 रतिया निवासी राजन कुमार पुत्र प्रेम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 13 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह लेबर लेने के लिए रेलवे स्टेशन जाखल की तरफ जा रहा था। जब वह रेलवे स्टेशन अंडरब्रिज जाखल के नीचे पहुंचा तो वहां 4-5 अज्ञात युवकों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और जान से मारने की धमकी देकर उसका रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन तथा 3 हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना जाखल में अभियोग संख्या 62 दिनांक 14.05.2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अन्य सह आरोपियों सन्नू उर्फ सन्नी तथा अभिषेक को काबू किया है। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर जांच जारी है।
