डॉग स्क्वॉड के ‘गब्बर’ ने खोला हत्या का राज, घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी के घर पहुंचा ट्रैकर डॉग
पुलिस ट्रैकर डॉग की अहम भूमिका से मिला सुराग, रायपुर से गिरफ्तार हुआ हत्या का फरार मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर। हत्या जैसे गंभीर अपराध की गुत्थी सुलझाने में जांजगीर पुलिस के डॉग स्क्वॉड के ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटनास्थल से ट्रैकर डॉग गब्बर सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने उसे रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खोखरा के सूर्या चौक निवासी देवनारायण सूर्यवंशी की 17 नवंबर 2026 की रात पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। मामले में 19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी की सूचना पर सिटी कोतवाली जांजगीर में कार्रवाई शुरू की गई। बताया गया कि घटना की रात मृतक देवनारायण सूर्यवंशी, कौशल सूर्यवंशी और इतवारी सूर्यवंशी एक साथ बैठे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जिसमें देवनारायण पर पत्थर से हमला किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट (SOCU) और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान ट्रैकर डॉग गब्बर ने महत्वपूर्ण सुराग देते हुए मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक रास्ता दिखाया। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद से पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी इतवारी सूर्यवंशी (42 वर्ष), पिता कामता सूर्यवंशी, निवासी सूर्या चौक खोखरा को 19 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं फरार मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी (40 वर्ष), पिता रामरतन सूर्यवंशी की तलाश जारी थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे रायपुर से पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में कौशल सूर्यवंशी ने पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पत्थर से हमला कर देवनारायण की हत्या करना स्वीकार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में कोतवाली पुलिस टीम की भूमिका रही।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद अथवा पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून अपने हाथ में न लें। विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना दें और कानूनी प्रक्रिया का पालन करें।



