More

    *जांजगीर में एसीबी की बड़ी ट्रैप कार्रवाई, 35 हजार रिश्वत लेते तीन अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार*

    जांजगीर में एसीबी की बड़ी ट्रैप कार्रवाई, 35 हजार रिश्वत लेते तीन अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

    मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीबी बिलासपुर की टीम ने जांजगीर जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए सीएसपीडीसीएल के तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों में सहायक अभियंता विजय नोर्गे, उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड-1 देवेंद्र राठौर शामिल हैं।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार जांजगीर निवासी प्रदीप यादव ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ग्राम खोखसा में फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट स्थापित करना चाहता है। इसके लिए उसने सीएसपीडीसीएल कार्यालय जांजगीर में ट्रांसफार्मर लगाने हेतु आवेदन दिया था और डिमांड नोट भी जमा कर दिया था। इसके बावजूद ट्रांसफार्मर और मीटर लगाने के एवज में संबंधित अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
    शिकायत में बताया गया कि उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला द्वारा 10,000 रुपए तथा सहायक अभियंता विजय नोर्गे और उनके सहायक देवेंद्र राठौर द्वारा 25,000 रुपए रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़वाने की मंशा से एसीबी से संपर्क किया।
    डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन कराया गया, जो सही पाया गया। इसके बाद ट्रैप की योजना बनाकर 20 मार्च 2026 को कार्रवाई की गई। योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर सीएसपीडीसीएल कार्यालय भेजा गया, जहां उसने उप अभियंता को 10,000 रुपए और सहायक अभियंता के निर्देश पर 25,000 रुपए उनके सहायक को दिए।
    जैसे ही लेन-देन पूरा हुआ, पहले से तैनात एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपियों के पास से कुल 35,000 रुपए की रिश्वत राशि बरामद की गई है।
    एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें।

    Trending News

    Technology