
मनोज साहू जांजगीर चांपा कटरा जंगल में वन्यजीव शिकार का मामला, वन विभाग की कार्रवाई और पारदर्शिता पर उठे सवाल!
मुन्ना राम (61) और शगुन सिंह (63) के पकड़े जाने की चर्चा, कथित मिलीभगत और मामले में आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं करने को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग
बलौदा। बलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटरा जंगल में 10 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि वन्यजीव शिकार के मामले में मुन्ना राम (61 वर्ष) और शगुन सिंह (63 वर्ष) को वन विभाग द्वारा पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद वन विभाग की कार्रवाई और पूरे मामले की पारदर्शिता को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर वन विभाग के कुछ कर्मचारियों की कथित मिलीभगत और मामले को दबाने के आरोप भी चर्चा में हैं। कुछ पत्रकारों के साथ कथित लेन-देन और लिफाफे के माध्यम से मामले को प्रभावित किए जाने संबंधी आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
मामले में एक बड़ा सवाल यह भी है कि वन विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रेस विज्ञप्ति सार्वजनिक क्यों नहीं की गई? घटना की वास्तविक स्थिति, आरोपियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई और बरामदगी से संबंधित आधिकारिक जानकारी जनता के सामने आनी चाहिए।
वहीं, डीएफओ हिमांशु डोंगरे से आधिकारिक पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किए जाने के बावजूद फोन पर प्रतिक्रिया नहीं मिलने की बात सामने आई है।
अब सवाल यह है कि कटरा जंगल में हुई इस घटना की पूरी सच्चाई जनता के सामने कब आएगी? क्या वन विभाग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा और कथित मिलीभगत के आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करेगा? मामले में डीएफओ का आधिकारिक पक्ष और विभागीय जांच के निष्कर्ष सामने आना जरूरी है।

