जांजगीर-चांपा: ओवरलोड हाईवा से बढ़ रहा हादसों का खतरा, प्रशासन मौन


मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत तारौद और लटिया में संचालित क्रेशर खदानों से निकलने वाले हाईवा और ट्रेलर वाहनों की ओवरलोडिंग से सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, खदानों से गिट्टी परिवहन करने वाले भारी वाहन क्षमता से अधिक लोड लेकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ओवरलोड होने के कारण गिट्टी रास्ते में गिरती रहती है, जिससे सड़क पर फिसलन और दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। आए दिन छोटे-बड़े हादसों की खबरें सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि कई हाईवा और ट्रेलर वाहनों में नियमों के विपरीत एक्स्ट्रा बॉडी बनवाकर अधिक मात्रा में गिट्टी लोड की जा रही है, जो सीधे तौर पर यातायात नियमों का उल्लंघन है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि इस मामले में खनिज विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे वाहन संचालकों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाई जाए, दोषी वाहन चालकों और संचालकों पर कार्रवाई की जाए, तथा सड़कों की नियमित निगरानी की जाए ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।
